आज़मगढ़। जिले के विकासखंड सठियांव के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक जन जागरूकता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी उमेश कुमार ने किया।
सम्मेलन में छात्राओं व महिलाओं को उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही आपातकालीन स्थिति में तुरंत सहायता के लिए उपलब्ध टोल-फ्री नंबर 112, 1090 और 1076 की उपयोगिता पर विस्तृत चर्चा की गई। विद्यालय की छात्राओं द्वारा आकर्षक योगा एवं पीटी प्रदर्शन किया गया, जिसे कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या अर्चना पाण्डेय, शिक्षिकाएं व महिला पीआरडी जवान खुशबू यादव, रामाशंकर सिंह, श्रीपत सहित विद्यालय का पूरा स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने, सतर्क रहने और किसी भी समस्या की स्थिति में सरकारी हेल्पलाइन का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।
