
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र में न्यायालय में लंबित भूमि विवाद के बीच नगर पालिका परिषद की ओर से कथित तौर पर नाली निर्माण कराए जाने का मामला सामने आया है। निर्माण कार्य को लेकर संदीप कपूर पुत्र प्रदीप कुमार सिंह कपूर ने नगर पालिका परिषद आजमगढ़ के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को प्रार्थना पत्र देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता के अनुसार, सिविल लाइंस रिक्शा स्टैंड के बगल स्थित मकान संख्या 190 से संबंधित भूमि को लेकर वर्ष 2013 से न्यायालय में विवाद चल रहा है। प्रार्थना पत्र में दुर्गा प्रसाद बनाम प्रदीप कुमार सिंह वाद का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि मामला सिविल जज अवर खंड, आजमगढ़ की अदालत में विचाराधीन है। वहीं संदीप कपूर का आरोप है कि मामला न्यायालय में लंबित होने के बावजूद नगर पालिका परिषद आजमगढ़ की ओर से उक्त विवादित भूमि पर नाली निर्माण कराया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने अपने प्रार्थना पत्र में दावा किया है कि न्यायालय ने भूमि के संबंध में यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया है। ऐसे में अंतिम निर्णय होने तक विवादित भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं किया जाना चाहिए।
निर्माण कार्य तत्काल रोकने की मांग
शिकायतकर्ता ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी से मांग की है कि विवादित भूमि पर चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाया जाए और न्यायालय के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। इसके साथ ही भूमि के आसपास किए गए कथित अतिक्रमण को नियमानुसार हटाने तथा मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने की भी मांग की गई है। वहीं प्रार्थना पत्र में शिकायतकर्ता ने कहा है कि यदि न्यायालय के आदेश के विपरीत निर्माण कार्य जारी रहता है तो वह संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने के लिए मजबूर होगा।
