रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में ससुराल में भोजन करने के बाद देर रात घर लौटते समय हरैया चट्टी के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुँचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार मऊ जनपद के कोपागंज थाना क्षेत्र के धवरिया साद निवासी रिंकू  देर रात मुबारकपुर क्षेत्र के अबाड़ी गांव स्थित ससुराल आया था। ससुराल में भोजन करने के बाद वह अपनी बाइक से घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि जब वह हरैया चट्टी के पास पहुँचा, तभी एक तेज़ रफ्तार अज्ञात कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि रिंकू सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।