रिपोर्ट: एसपी त्रिपाठी
आज़मगढ़ । प्रदेश स्तर पर IGRS में प्रथम स्थान हासिल करने की उपलब्धि पर जनपद पुलिस ने सम्मान समारोह आयोजित कर उन कर्मियों को सराहा, जिनकी तत्परता और टीमवर्क ने यह सफलता दिलाई।

बुधवार को जनपद आज़मगढ़ को प्रदेश स्तर पर IGRS में प्रथम स्थान प्राप्त होने के उपलक्ष्य में पुलिस विभाग द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने जनपद के सभी थानों के IGRS मुंशियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, पारदर्शिता और समयबद्ध निस्तारण हेतु प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मान समारोह में एएसपी ग्रामीण ने कहा कि यह उपलब्धि पुलिस प्रशासन की टीम वर्क, जनता से प्राप्त सहयोग और शिकायतों के प्रभावी निस्तारण की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने पुलिस कर्मियों को इसी प्रकार सेवा-भाव, जवाबदेही और दक्षता के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।
समारोह में पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे और प्रथम स्थान की इस उपलब्धि पर एक-दूसरे को बधाई दी।
