रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के पुराने पुल के पास स्थित ज्वेलरी और इलेक्ट्रॉनिक दुकान में बीती रात चोरों ने लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। सूचना पर पुलिस और सीओ नगर मौके पर पहुँचकर जांच में जुट गए।

मिली जानकारी के अनुसार सिधारी हाइडिल निवासी सुनील वर्मा की पुराने पुल के पास ज्वेलरी की दुकान है। रात में चोर दुकान के पीछे  लगभग 25 फीट गहरी खाई से ऊपर चढ़कर अंदर घुसे और सोने–चांदी के आभूषण उठा ले गए। पीड़ित के अनुसार दुकान से करीब ढाई किलो चांदी और 30 ग्राम सोने के जेवर चोरी हुए, जिनकी कीमत लगभग 10 लाख रुपय है।

वहीं बगल में स्थित जमालपुर निवासी ओमप्रकाश यादव की इलेक्ट्रॉनिक दुकान से भी चोरों ने करीब 60 हजार रुपये नकदी चुरा लिए। सुबह मकान मालिक द्वारा घटना की जानकारी देने पर दोनों दुकानदार मौके पर पहुँचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सीओ नगर शुभम तोदी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

सीओ नगर शुभम तोदी ने बताया कि पीआरवी के माध्यम से दो दुकानों ज्वेलरी तथा इलेक्ट्रॉनिक रिपेयरिंग शॉप में चोरी की सूचना मिली थी। जांच में सामने आया कि ज्वेलरी शॉप की अलमारी में रखा सारा सामान सुरक्षित है, जबकि बाहर रिपेयरिंग के लिए रखे सामान चोरी हुए हैं। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।