रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के कांखभार बाजार में बृहस्पतिवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। भिड़ंत के बाद मैजिक वाहन का चालक अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार जीयनपुर थाना क्षेत्र के जम्मनपुर निवासी प्रेमचंद (21) बृहस्पतिवार दोपहर अपनी बाइक से दोहरीघाट की ओर गया था। देर रात घर लौटते समय रौनापार क्षेत्र के कांखभार बाजार के पास लाटघाट से दोहरीघाट की तरफ जा रही तेज रफ्तार मैजिक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने लाटघाट–जम्मनपुर के ग्राम प्रधान रामप्रताप सिंह को दी। थोड़ी देर बाद ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे और घायल युवक को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

रौनापार थानाध्यक्ष मंतोष सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मैजिक चालक की तलाश की जा रही है।