आजमगढ़। जिले में खेल प्रतिभाओं का जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला, जब सुखदेव पहलवान स्टेडियम में दो दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। खिलाड़ियों के जोश, प्रतिस्पर्धा और जीत की ललक ने पूरे स्टेडियम को उत्साह से भर दिया।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशन में मेरा युवा भारत आजमगढ़ द्वारा दिनांक 11 व 12 दिसंबर को यह भव्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा अधिकारी श्री संजीव सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ, जबकि सफल संचालन में पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवी श्री बृजेश यादव, श्री अनिल यादव एवं श्री दीपक प्रजापति की अहम भूमिका रही।
प्रतियोगिता में कुल 6 खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिनमें कबड्डी (बालक व बालिका वर्ग), लंबी कूद (बालक व बालिका वर्ग) तथा 200 मीटर व 400 मीटर दौड़ के फाइनल मुकाबले शामिल रहे। हर मुकाबले में खिलाड़ियों ने पूरी ताकत झोंक दी, जिससे दर्शकों की तालियों से स्टेडियम गूंज उठा।
समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि जिला युवा कल्याण अधिकारी श्री सुल्तान सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण पत्र, टी-शर्ट एवं ट्रैकसूट प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं को खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने और शारीरिक व मानसिक विकास के लिए नियमित खेल गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता के परिणाम:
कबड्डी (बालक वर्ग):
मार्टीनगंज टीम
महाराजगंज टीम
तरवां टीम
कबड्डी (बालिका वर्ग):
बिलरियागंज टीम
तरवां टीम
सठियांव टीम
400 मीटर दौड़ (बालक वर्ग):
सुजीत यादव,आकाश और शिवम यादव
200 मीटर दौड़ (बालिका वर्ग):
पारी मद्धेशिया, आराध्या और खुशी
लंबी कूद (बालक वर्ग):
प्रिंस यादव, शुभम राजभर और जतिन राजभर
लंबी कूद (बालिका वर्ग):
नंदिनी निषाद, आशू यादव और ज्योति यादव
कार्यक्रम में रणविजय मिश्रा, आदित्य सिंह, सुनील कनौजिया, हरिद्वार यादव, शैलेश राजभर, जिगर सहित कई गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही।
