आजमगढ़। जिले में नाबालिग लड़कियों को शादी का झांसा देकर या बहला-फुसलाकर भगाने के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने शनिवार को त्वरित कार्रवाई की। थाना पवई और अहरौला पुलिस ने एक वयस्क आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। दोनों मामलों में पीड़िताओं को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पहले मामले में पीड़िता के पिता ने शनिवार को पवई थाने में तहरीर दी थी कि अंबेडकर नगर जनपद के मालीपुर थाना क्षेत्र के अमरन शैदपुर खजूरी गांव निवासी रमेश उनकी नाबालिग बेटी को शादी का झांसा देकर भगा ले गया है। पवई थाना प्रभारी प्रदीप कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के कुछ घंटों के भीतर ही पुलिस टीम ने दोपहर करीब दो बजे कलान चौराहे से आरोपी रमेश को पीड़िता के साथ गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान मामले में पोक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं।
वहीं दूसरे मामले में अहरौला थाने में 26 नवंबर 2025 को दर्ज प्राथमिकी के तहत मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत कार्रवाई की गई। अहरौला थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम ने खुजरी चौराहे से एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। इस मामले में भी पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया गया।
