आज़मगढ़। मंडलीय जिला अस्पताल में पीने के पानी को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। अस्पताल परिसर में स्थित पानी की टंकी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अस्पताल परिसर में लगी पानी की टंकी बिना ढक्कन की है और उसी टंकी में बंदर घुसकर पानी पी रहे हैं। इसी टंकी से अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए पीने का पानी लिया जाता है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय निवासी संतोष सिंह ने बताया कि अस्पताल में बंदरों का आतंक पहले से है, लेकिन इसके बावजूद पानी की टंकियों को सुरक्षित करने के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। दूषित पानी के सेवन से मरीजों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ सकता है, क्योंकि बंदरों के जरिए कई संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका रहती है।
वायरल वीडियो के बाद लोगों में आक्रोश है और वे अस्पताल प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
वहीं इस पूरे मामले पर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. ओम प्रकाश का कहना है कि बंदरों को पकड़ना प्रशासन का काम है और इस संबंध में अस्पताल स्तर पर वे कुछ नहीं कर सकते। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी के पास कोई व्यावहारिक समाधान है तो वह उन्हें सुझाव दे सकता है।
