आजमगढ़। जिले कोतवाली थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म कर धमकी देने के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया है।
थाना कोतवाली जनपद आजमगढ़ में वादिनी द्वारा लिखित तहरीर दी गई थी कि अभियुक्त सौरभ चौहान पुत्र रामाश्रय चौहान, निवासी दुल्लहपुर थाना बड़ागांव जनपद गाजीपुर ने वादिनी की नातिन को बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद अभियुक्त ने घरवालों को बताने पर गाली-गलौज और जान-माल की धमकी भी दी। तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली पर मुकदमा पंजीकृत किया गया।
पुलिस के अनुसार, रविवार को निरीक्षक रफी आलम द्वारा पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त सौरभ चौहान को ग्राम बद्दोपुर से दोपहर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए माननीय न्यायालय में चालान कर दिया गया।
