रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के मेहनगर थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। घटना में घायल हुए दो सगे भाइयों के सिर में गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार थाना मेहनगर क्षेत्र के ग्राम लोहानपुर में 21 नवंबर को जमीनी विवाद को लेकर शेषनाथ चौहान पुत्र रमेश चौहान, उनके भाई हवलदार चौहान पुत्र रमेश चौहान और उनकी माता मनरी देवी के साथ विपक्षी पक्ष द्वारा जान से मारने की नीयत से मारपीट की गई थी। इस हमले में शेषनाथ चौहान और हवलदार चौहान के सिर में गंभीर चोटें आई थीं।
घटना के संबंध में थाना मेहनगर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुष्ट साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त प्रवीण चौहान पुत्र लालजी चौहान को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव ने पुलिस टीम के साथ वांछित अभियुक्त की तलाश के दौरान उसे उसके घर से करीब दोपहर 12 बजे गिरफ्तार किया। अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद किया गया है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
