आज़मगढ़। कड़ाके की ठंड के बीच रिजर्व पुलिस लाइन आजमगढ़ में खेलों का उत्साह चरम पर रहा। सर्द मौसम को मात देते हुए आयोजित पुलिस वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में रिजर्व पुलिस लाइन की वॉलीबॉल टीम ने खिताब जीता, जबकि बैडमिंटन में विनेश सिंह (मेंस सिंगल) और इन्द्रजीत–कमलेश कुमार की जोड़ी (मेंस डबल) ने विजय हासिल की। चार दिनों तक चली प्रतियोगिता का भव्य समापन उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया।
रिजर्व पुलिस लाइन के मैदान में दिनांक 15 दिसंबर से आयोजित चार दिवसीय वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन गुरुवार को हुआ। कड़ाके की ठंड के बावजूद खिलाड़ियों में जबरदस्त जोश और ऊर्जा देखने को मिली।
गुरुवार को खेले गए वॉलीबॉल के फाइनल मुकाबले में रिजर्व पुलिस लाइन, आजमगढ़ की टीम ने बेहतरीन सामूहिक प्रदर्शन करते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र की टीम को 3–1 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अनुशासन, जुझारूपन और खेल भावना का परिचय दिया।
बैडमिंटन प्रतियोगिता में मेंस सिंगल फाइनल में विनेश सिंह ने अनीश मौर्या को पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं मेंस डबल फाइनल में इन्द्रजीत एवं कमलेश कुमार की जोड़ी ने रवि गुप्ता एवं बजरंगी बली पाल की जोड़ी को हराकर खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों और टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं पुलिसकर्मियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ टीम भावना को मजबूत करती हैं।
