आज़मगढ़। सर्वदेव आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, इटौरा, चण्डेश्वर, आजमगढ़ में फ्रेशर पार्टी का आयोजन भव्य एवं हर्षोल्लासपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान धन्वन्तरी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. राजेन्द्र यादव (प्रबन्धक), सर्वोदय ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशन, आजमगढ़ रहे। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. कल्याण कुमार कराड़ी ने मुख्य अतिथि सहित सभी आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया और छात्र-छात्राओं को आयुर्वेदिक शिक्षा के सामाजिक महत्व एवं उनके दायित्वों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस अवसर पर संस्था के सीईओ संजय कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि आयुर्वेदिक चिकित्सा एक महत्वपूर्ण एवं निःस्वार्थ सेवा का क्षेत्र है, जिसे केवल व्यवसाय के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि मानव सेवा के रूप में अपनाना चाहिए।

इसके पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी गई। रंगारंग कार्यक्रमों ने उपस्थित मुख्य अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि डॉ. राजेन्द्र यादव ने विद्यार्थियों को आयुर्वेद के महत्व से अवगत कराते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं कॉलेज के प्रबंधक डॉ. कृष्णमोहन त्रिपाठी ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के सामूहिक प्रयास से कॉलेज को एक नई पहचान मिल रही है।

फ्रेशर पार्टी में मिस्टर फ्रेशर के रूप में धर्मेन्द्र एवं मिस फ्रेशर के रूप में अंशिका अरुण सिंह (सत्र 2025-26) को चुना गया।

कार्यक्रम में डॉ. अरुणा दास, डॉ. अमरेन्द्र तिवारी (प्राचार्य, धनपत्ती धर्मा डिग्री कॉलेज), डॉ. आशीष गुप्ता (प्राचार्य, फार्मेसी कॉलेज, आजमगढ़), डॉ. मंजू जॉन (प्राचार्या, ऑल इंडिया चिल्ड्रेन केयर एंड एजुकेशनल डेवलपमेंट सोसाइटी नर्सिंग कॉलेज), डॉ. योगिता जैन एवं श्याम सोम दूबे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।