रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। देश की सरहदों की हिफ़ाज़त करने वाला एक सपूत घर की दहलीज़ पर अचानक जिंदगी की जंग हार गया। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में तैनात सीआरपीएफ जवान की छुट्टी के दौरान हुई अचानक मौत ने मुबारकपुर कस्बे को गहरे शोक में डुबो दिया। शनिवार सुबह जवान का शव बिस्तर पर मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, मुबारकपुर कस्बे के नूरपुर बुतात मोहल्ला निवासी 35 वर्षीय अशोक कुमार सीआरपीएफ में जवान थे। उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 183 बटालियन के डीसी ऑफिस में थी। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। परिजनों ने बताया कि करीब छह माह पहले वह एक दुर्घटना में घायल हो गए थे, उपचार के बाद ठीक होकर तीन माह पूर्व ड्यूटी पर लौटे थे।
एक सप्ताह पहले ही वह छुट्टी पर घर आए थे। शनिवार सुबह जब परिवार के लोग उन्हें जगाने पहुंचे तो वह बिस्तर पर मृत पड़े मिले। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जवान की एक बेटी है, जो पिता के साये से हमेशा के लिए वंचित हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से परिजन रो-रोकर बेहाल हैं और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
