रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। हमले में प्रयुक्त डंडा भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। पीड़ित परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है।

दीदारगंज थाना क्षेत्र के दुबांवा गांव निवासी फूला देवी पत्नी लालचंद ने  बीते 24 दिसंबर  को थाना दीदारगंज में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके पड़ोसी राजेन्द्र पुत्र गनपत, पंकज, गुलशन पुत्रगण राजेन्द्र तथा शुभम पुत्र अज्ञात निवासी भादो ने एकजुट होकर उनके परिवार पर जान से मारने की नीयत से हमला किया। आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए हमलावरों ने लाठी-डंडा, राड़ और लात-घूंसों से फूला देवी, उनके बेटे और बहू को गंभीर रूप से घायल कर दिया। तहरीर के आधार पर थाना दीदारगंज में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ।

गुरुवार को  उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह यादव ने हमराहियों के साथ मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त शुभम राजभर पुत्र जीतेंद्र राजभर निवासी भांदो थाना दीदारगंज को भांदो मोड़ मार्टिनगंज से सुबह गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे चालान कर माननीय न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।