आज़मगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा नूरपुर बुतात पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लोहरा निवासी प्रहलाद कुमार (30) शनिवार की शाम मुबारकपुर बाजार से बाइक द्वारा घर लौट रहे थे। जैसे ही वह नूरपुर बुतात पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही प्रहलाद सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि प्रहलाद हाल ही में बाहर से घर लौटे थे और कुछ सामान खरीदने के लिए बाजार गए थे। मृतक अपने पीछे दो छोटी पुत्रियों को छोड़ गया है।


प्रभारी निरीक्षक शशिमौलि पांडेय ने बताया कि दुर्घटना अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।