आजमगढ़ । भारतीय जनता पार्टी की ओर से नेहरू हाल में अटल स्मृति संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह और विशिष्ट अतिथि मऊ के पूर्व जिला अध्यक्ष मुन्ना दुबे रहे। संगोष्ठी में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से चर्चा हुई।

आयोजित अटल स्मृति संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह ने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी एक महान विचारक, कवि और बहुमुखी प्रतिभा के धनी नेता थे। उन्होंने कहा कि अटल जी का सपना था अंत्योदय के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना और देश में सुशासन की स्थापना करना।


प्रदेश मंत्री ने बताया कि जब अटल बिहारी वाजपेयी सत्ता में आए और 24 दलों की सरकार का सफल संचालन किया, तब उन्होंने अंत्योदय कार्ड के माध्यम से जरूरतमंदों को सस्ता अनाज उपलब्ध कराया। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के जरिए किसानों को साहूकारों के चंगुल से मुक्त करने का काम किया।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ा गया, जिससे किसानों को अपनी फसल उचित मूल्य पर बेचने का अवसर मिला। पोखरण में परमाणु परीक्षण कर भारत को परमाणु संपन्न राष्ट्र की श्रेणी में खड़ा किया। आज देशभर में सड़कों का विशाल नेटवर्क अटल जी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है।


प्रदेश मंत्री ने यह भी कहा कि यदि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है, तो उसमें अटल बिहारी वाजपेयी की नीतियों और दूरदृष्टि की अहम भूमिका है। कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने अटल जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।


इस अवसर पर जिला प्रभारी अशोक सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में भाजपा नेता मौजूद रहे।