आज़मगढ़। नगर के लक्षीरामपुर स्थित वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस में दसवां वेदांता महोत्सव धूमधाम से आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि मंडलायुक्त विवेक कुमार एवं विशिष्ट अतिथि सीएमओ डॉ नन्हकू राम वर्मा, एसपी सिटी मधुबन सिंह और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम और नाट्य मंचन से सभी का मन मोह लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें पुरस्कार दिए गए। यह महोत्सव विद्यार्थियों के संपूर्ण व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता को निखारने का अद्वितीय अवसर साबित हुआ। अतिथियों की उपस्थिति और मंच पर कार्यक्रम की भव्यता ने पूरे स्कूल परिसर को उत्सव का रूप दे दिया।

लक्षीरामपुर स्थित वेदांता स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस के प्रांगण में दसवां वेदांता महोत्सव बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और फ्लोरेंस नाइटेंगल के चित्र पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्वलन से किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मंडलायुक्त विवेक कुमार, विशिष्ट अतिथि सीएमओ डॉ नन्हकू राम वर्मा, एसपी सिटी मधुबन सिंह, एसपी ग्रामीण चिराग जैन और सीओ सिटी उपस्थित रहे।


अतिथियों का स्वागत वेदांता ग्रुप के चेयरमैन डॉ शिशिर जायसवाल, डायरेक्टर विशाल जायसवाल, मैनेजिंग डायरेक्टर आलोक जायसवाल और रित्विक जायसवाल ने अंगवस्त्रम और स्मृति चिन्ह देकर किया। उद्घाटन के बाद नर्सिंग विद्यार्थियों ने कांतारा, अघोरी, राजस्थानी और हरियाणवी नृत्य, शिव तांडव, महाभारत, भूख, ऑपरेशन सिंदूर, यमराज की अदालत, महिला क्रिकेट और सोशल मीडिया जैसे विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नाट्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।


कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने विद्यार्थियों से शपथ दिलाई और शिक्षा व मंच प्रदर्शन में उत्कृष्ट रहने वाले बीएससी, जीएनएम, एएनएम एवं पैरामेडिकल विद्यार्थियों को मंडलायुक्त द्वारा प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।


मंडलायुक्त विवेक कुमार ने कहा कि वेदांता ग्रुप शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों में समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। चेयरमैन डॉ शिशिर ने नर्सेज के योगदान की सराहना की और डायरेक्टर विशाल ने बताया कि वेदांता ग्रुप ने सन 2012 में पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम के कर कमलों से अपनी नींव रखी थी और यह महोत्सव विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए हर साल आयोजित किया जाता है।


अति विशिष्ट अतिथियों में एडीएम राहुल विश्वकर्मा, एसपी सिटी मधुबन सिंह, सीओ सिटी शुभम तोंदी, सीओ सदर आस्था जायसवाल, एसीएमओ अरविंद चौधरी, एसीएमओ अलिंद कुमार, संभागीय खाद्य नियंत्रक राजीव मिश्रा, प्रोफेसर डॉ लाल चंद शुक्ल (प्रयागराज), भाजपा नेता मनोज यादव, संदीप सिंह सोनू, चंदन सिंह, संजय सिंह, रुचि अग्रवाल, पूनम शुक्ला और लाल बहादुर त्यागी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन एंकर अभय तिवारी ने किया और प्रोफेसर डॉ रीना पाण्डेय ने आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।