आज़मगढ़। जिले के बिंद्राबाजार क्षेत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ खंड महेशपुर (मोहम्मदपुर) के तत्वाधान में शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विराट हिंदू महासम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन के बाद भव्य शोभायात्रा निकालकर कार्यक्रम का समापन किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को गंभीरपुर स्थित रामलीला मैदान में आयोजित विराट हिंदू महासम्मेलन में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों व स्थानीय लोगों की सहभागिता रही। कार्यक्रम के पश्चात एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो पूरे बिंद्राबाजार का भ्रमण करते हुए शाम लगभग छह बजे गंभीरपुर तिराहे पर पहुंची, जहां बांग्लादेश का पुतला फूंका गया और कार्यक्रम का समापन हुआ।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि गोरक्ष प्रांत के सह प्रांत प्रचारक सुरजीत सिंह रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता लाल बाबा ने की और संचालन कार्तिक मिश्रा ने किया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता पर जोर देते हुए कहा कि हिंदू समाज किसी वर्ग में बंटा नहीं है, बल्कि एक है। हिंदुत्व की आत्मा जीवित रहने तक भारत सुरक्षित रहेगा और भारत की पहचान उसकी संस्कृति व हिंदुत्व से है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए और समाज में एकता आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कार्यक्रम में राजेंद्र सिंह (सह विभाग संघ चालक), जिला प्रचारक आलोक, सह खंड चालक लालगंज अखिलेश तिवारी, संजय आर्य, अध्यक्ष वीरेंद्र पाठक, उपाध्यक्ष मनीष मौर्य, कोषाध्यक्ष पवन गुप्ता, राकेश सिंह, संरक्षक संदीप स्वर्णकार, कुंदन मिश्रा, शशिकान्त उपाध्याय, अनुज गुप्ता, विक्की गुप्ता, अंकित चतुर्वेदी, निशांत चौरसिया, गोपी गुप्ता सहित सैकड़ों स्वयंसेवक मौजूद रहे।
