आज़मगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के पूरा कोदई डिहवा गांव में गन्ना के खेत में पराली जलाने के दौरान आग बेकाबू हो गई। आग की चपेट में आने से एक वृद्ध गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे हालत नाजुक होने पर रेफर किया गया है। आग फैलकर पड़ोसी के खेत तक पहुंच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, अहरौला थाना क्षेत्र के पूरा कोदई डिहवा गांव निवासी 75 वर्षीय नागेंद्र राय के खेत का गन्ना चीनी मिल में जा चुका था। शनिवार की दोपहर वे खेत में बचे फसल अवशेष (पराली) जला रहे थे, तभी आग ने अचानक विकराल रूप ले लिया। तेज लपटों के कारण आग पड़ोसी हरिकेश के गन्ना के खेत में भी फैल गई।


आग बुझाने के प्रयास में नागेंद्र राय लपटों से घिर गए और धुएं के कारण खेत में गिरकर अचेत हो गए। इस दौरान वे गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला और अहरौला सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया। करीब 70 प्रतिशत तक झुलसने के कारण उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।