रिपोर्ट: आशीष निषाद

अतरौलिया/आज़मगढ़ । जिले में  कड़ाके की ठंड के बीच गरीब, असहाय और जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से लोहरा ग्राम सभा में कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों जरूरतमंदों को ठंड से बचाव का सहारा मिला।


मिली जानकारी के अनुसार, लोहरा ग्राम सभा के ग्राम प्रधान राज कपूर पूर्वांचल द्वारा लगभग 500 कंबलों का वितरण किया गया। यह संपूर्ण वितरण उनकी निजी निधि से किया गया, जिसमें किसी भी प्रकार की सरकारी धनराशि का उपयोग नहीं हुआ। ग्राम प्रधान ने बताया कि वे प्रत्येक वर्ष एक जनवरी को अपनी निजी निधि से 400 से 500 कंबल वितरित करते आ रहे हैं, लेकिन इस वर्ष कुछ अपरिहार्य कारणों से वितरण में थोड़ी देरी हो गई।


कंबल वितरण के दौरान विधवा महिलाओं, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों को प्राथमिकता दी गई, इसके बाद अन्य पात्र जरूरतमंदों को चिन्हित कर कंबल वितरित किए गए। ग्राम प्रधान राज कपूर पूर्वांचल ने कहा कि जनता का प्यार और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है, और भीषण ठंड में जरूरतमंदों की सेवा करना उनका सामाजिक दायित्व और धर्म है।


कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय कार्य बताया। सामाजिक सरोकार से जुड़ा यह कार्य क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।