
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के व्योहरा गांव में गुरुवार शाम बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 13 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते हुए अस्पताल पहुंचे।
जानकारी के अनुसार व्योहरा गांव में अपने ननिहाल में रह रही 13 वर्षीय सलोनी गुरुवार शाम बारिश के दौरान छत पर सूखने के लिए डाले गए कपड़े उतारने गई थी। इसी दौरान तेज बारिश के साथ बिजली की तेज गड़गड़ाहट हुई और सलोनी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलसकर छत पर गिर पड़ी।
बताया गया कि घटना के समय कुछ दूरी पर आरती भी कपड़े उठा रही थी, जो बाल-बाल बच गई। सलोनी को गिरा देखकर आरती ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर परिजन तत्काल छत पर पहुंचे और आनन-फानन में सलोनी को लालगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सलोनी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। मृतका की मां सरिता और पिता अजय कुमार दिल्ली में रहते हैं। सलोनी तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसका बड़ा भाई करण कुमार अहमदाबाद और किशन कुमार मुंबई में निजी नौकरी करता है।
घटना की जानकारी मिलते ही देवगांव कोतवाली क्षेत्र के धरांग गांव निवासी बाबा कांता सरोज समेत अन्य परिजन अस्पताल पहुंच गए। गुरुवार शाम करीब पांच बजे अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। अचानक हुए इस हादसे से गांव में भी शोक का माहौल है।
