आजमगढ़ के सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय जूनियर बालिका कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। अंतिम दिन विभिन्न भार वर्गों में खेले गए फाइनल मुकाबलों में प्रदेश भर की पहलवानों ने दमखम दिखाया और विजेताओं को पदक देकर सम्मानित किया गया।

रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबलों के बाद विजेताओं को स्वर्ण, द्वितीय स्थान पाने वालों को रजत तथा तृतीय स्थान पर रहने वाली पहलवानों को कांस्य पदक प्रदान किए गए। 55 किलोग्राम भार वर्ग में आजमगढ़ मंडल की प्रिया चौहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।


50 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में वाराणसी की नेहा पाल और गोरखपुर की नेहा पटेल आमने-सामने रहीं, जिसमें नेहा पाल ने जीत दर्ज कर गोल्ड मेडल हासिल किया। नेहा पटेल को रजत पदक मिला, जबकि तृतीय स्थान पर आजमगढ़ की कंचन और कानपुर की रोशनी रहीं।


53 किग्रा में कानपुर की आरती प्रथम, अयोध्या की साक्षी द्वितीय तथा स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर की कविता और आजमगढ़ की सुगंधा तृतीय स्थान पर रहीं।

55 किग्रा वर्ग में आजमगढ़ की प्रिया चौहान ने वाराणसी की आदरी पटेल को कालाजंग दांव से पराजित कर स्वर्ण पदक जीता। आदरी पटेल द्वितीय, जबकि कानपुर की मानिका और अयोध्या की खुशबू तृतीय रहीं।
57 किग्रा में वाराणसी की आंचल प्रथम, आजमगढ़ की प्रीती द्वितीय तथा स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर की प्रीती और कानपुर की रचना संयुक्त रूप से तृतीय रहीं। 59 किग्रा में स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर की कामिनी प्रथम, बस्ती की आरूषी द्वितीय तथा प्रयागराज की अख्तरून और देवीपाटन मंडल की वंदना देवी तृतीय रहीं।


62 किग्रा वर्ग में वाराणसी की खुशी प्रथम, देवीपाटन की शिवांगी देवी द्वितीय तथा अयोध्या की अंशिका और गोरखपुर की कंचन तृतीय स्थान पर रहीं। 65 किग्रा में स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर की अंशिका ने स्वर्ण, वाराणसी की अराध्या ने रजत, जबकि देवीपाटन की पूजा देवी और कानपुर की किरण ने कांस्य पदक जीता।


68 किग्रा में कानपुर की पायल प्रथम, अयोध्या की अनन्या द्वितीय तथा मुरादाबाद की रिया और आजमगढ़ की दीक्षा तृतीय रहीं। 72 किग्रा भार वर्ग में कानपुर की अनिता ने स्वर्ण, वाराणसी की लक्ष्मी ने रजत तथा देवीपाटन की आंचल और आजमगढ़ की वैष्णवी ने कांस्य पदक हासिल किया।


समापन अवसर पर आयोजकों ने सभी विजेता पहलवानों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।