रिपोर्ट: आशीष निषाद
आज़मगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के मखनहां गांव में सरकारी जमीन की पैमाइश के दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पर दबंगों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गरुड़ जायसवाल ने थाने में दी तहरीर में बताया कि गांव की एक सरकारी जमीन पर कुछ लोगों द्वारा लंबे समय से अवैध अतिक्रमण किया गया था, जिसको लेकर मामला न्यायालय में विचाराधीन था। न्यायालय ने ग्राम सभा के पक्ष में निर्णय सुनाया था। आदेश के अनुपालन में ग्राम प्रधान द्वारा उक्त सरकारी भूमि पर आयुष्मान भारत इंफ्रास्ट्रक्चर योजना के तहत सरकारी अस्पताल निर्माण का प्रस्ताव रखा गया, जिसे स्वीकृति भी मिल गई।
प्रस्ताव पंचायत बैठक में पारित होने के बाद जिलाधिकारी को पत्र देकर अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व टीम पैमाइश के लिए मौके पर पहुंची थी। इस दौरान दोनों पक्षों को बुलाया गया था। आरोप है कि पैमाइश के दौरान विपक्षी पक्ष के लोगों ने अचानक ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गरुड़ जायसवाल पर हमला कर दिया और उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद पीड़ित ने अतरौलिया थाने में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने इस मामले में अतरौलिया थाना क्षेत्र के पूरा पांडेय मखनहां गांव निवासी शिव शंकर, राज नारायण, कृष्णा और रितेश के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वही इस मामले में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि थाना अतरौलिया क्षेत्र का एक वीडियो संज्ञान में आया है जिसमें चार-पांच लोग एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहे हैं। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
