अतरौलिया/आज़मगढ़। स्थानीय नगर पंचायत अतरौलिया के जोलहा टोला में एक विवाहिता करीब 30 घंटे तक कमरे में बंद रहने से परिजनों और पड़ोसियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।

मिली जानकारी के अनुसार, जोलहा टोला निवासी मनोज मद्धेशिया की पत्नी खुशी मद्धेशिया 12 दिन बाद अपने मायके से ससुराल लौटी थीं। लौटने के बाद वह अपने कमरे में चली गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। पहले परिजन समझ रहे थे कि वह सो रही हैं या उनकी तबीयत ठीक नहीं है, लेकिन जब करीब 30 घंटे तक दरवाजा नहीं खुला और भीतर कोई हलचल नहीं हुई, तो चिंता बढ़ गई।
पति मनोज कुमार ने महिला के भाइयों को सूचित किया और पड़ोसियों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को अवगत कराया। अतरौलिया थानाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। महिला के मायके पक्ष से संपर्क किया गया, लेकिन उनके पहुंचने में समय लगने की जानकारी मिली। स्थिति गंभीर होने पर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़कर महिला को बिस्तर पर लेटी हुई पाया। पानी छिड़कने पर महिला होश में आई और उसे राहत की सांस मिली।
सुरक्षा के तौर पर महिला को पुलिस की देखरेख में नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।