आज़मगढ़। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को जनपद आजमगढ़ के भ्रमण के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने जनपद में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
समीक्षा बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कड़े तेवर अपनाते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। किसी भी विकास कार्य में ठेकेदार या संबंधित अधिकारी की ओर से लापरवाही, वित्तीय अनियमितता अथवा कार्य में देरी की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बिना किसी बाधा के पहुंचना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह और विनोद राजभर, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीलम सोनकर, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
