आजमगढ़ । जिले में शुद्ध पेयजल के नाम पर बोतलबंद पानी की आपूर्ति कर रही दो वाटर यूनिटों पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने बड़ी कार्रवाई की है। सघन जांच में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर दोनों यूनिटों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए।

मिली जानकारी के अनुसार, लालगंज क्षेत्र में संचालित अद्विक इंटरप्राइजेज और रजवाड़ा इंटरप्राइजेज द्वारा बाजार में प्रतिदिन 500 से अधिक पानी की बोतलों की सप्लाई की जा रही थी। जिले में कुल सात वाटर सप्लाई यूनिट पंजीकृत हैं, जिनमें से दो पहले से बंद पाई गईं। एफडीए की टीम ने शेष पांच यूनिटों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उत्पादन प्रक्रिया, प्लांट की स्वच्छता, मशीनों की साफ-सफाई, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र तथा पानी की गुणवत्ता से संबंधित अभिलेखों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि वर्ष 2025 में लाइसेंस प्राप्त करने वाली दो यूनिटें कर्मचारियों की अनिवार्य मेडिकल रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं कर सकीं। इसके साथ ही पानी की गुणवत्ता जांच से जुड़ी जरूरी वाटर एनालिसिस रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थी।
इसके अलावा यूनिट परिसर में साफ-सफाई की स्थिति निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। एफडीए ने इसे जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा मानते हुए दोनों यूनिटों के लाइसेंस निलंबित कर दिए। वहीं, अन्य तीन वाटर यूनिटों में स्थिति सामान्य पाई गई।