आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के समेंदा गांव में बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात की जानकारी शनिवार सुबह होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की छानबीन में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार सिधारी थाना क्षेत्र के समेंदा गांव निवासी केशव सिंह के घर शुक्रवार की रात सभी परिजन सो रहे थे। इसी दौरान चोर घर के पीछे से छत के रास्ते अंदर घुस आए। चोरों ने कमरे में रखे बक्सा और सूटकेस को तोड़कर करीब पांच लाख रुपये के जेवरात, 10 हजार रुपये नकद सहित अन्य कीमती सामान समेट लिया और फरार हो गए।


शनिवार की सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घर का सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। छत पर पहुंचने पर टूटा हुआ बक्सा और सूटकेस पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम के साथ मौके की जांच की। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।