आजमगढ़। 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयुक्त कार्यालय में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों को निष्पक्ष, निर्भीक और जागरूक मतदान की शपथ दिलाई गई।
16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शनिवार को मण्डलायुक्त विवेक ने अपने कार्यालय के सभागार में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लोकतान्त्रिक परम्पराओं की मर्यादा बनाए रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को कायम रखते हुए निर्भीक होकर, बिना किसी प्रलोभन के मतदान करने की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मण्डलायुक्त विवेक ने कहा कि धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय और भाषा के आधार पर मतदान करना लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए घातक है। उन्होंने कहा कि हम सभी को इन संकीर्ण सोचों से ऊपर उठकर लोकतान्त्रिक परम्पराओं की रक्षा के लिए हर चुनाव में अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करना चाहिए।
मण्डलायुक्त ने यह भी कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमारा कर्तव्य है कि हम स्वयं मतदान करें और साथ ही अपने परिवार, गांव एवं मोहल्ले के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक कर दृढ़ संकल्पित बनाएं।
इस अवसर पर अपर आयुक्त-प्रशासन शमशाद हुसैन, अपर आयुक्त-न्यायिक डॉ. अर्चना द्विवेदी, सहायक आयुक्त औषधि गोविन्द लाल गुप्ता, प्रशासनिक अधिकारी राम अवध व राजेश यादव, शासकीय अधिवक्ता ओपी पाण्डेय, सहायक शासकीय अधिवक्ता अजीत सिंह, सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नागेन्द्र मौर्य सहित आयुक्त कार्यालय भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी, कर्मचारी एवं अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
