आजमगढ़। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत जनपद आजमगढ़ के विकास खण्ड परिसर मोहम्मदपुर में सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 10 विकास खण्डों के कुल 133 जोड़ों का पंजीकरण हुआ था, जिसमें से 118 जोड़े उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विनोद राजभर, जिलाध्यक्ष लालगंज ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह महत्वपूर्ण योजना गरीब परिवारों की बेटियों के लिए वरदान साबित हो रही है। अब किसी बेटी का विवाह धन के अभाव में नहीं रुकेगा। सरकार इस योजना के अंतर्गत प्रति जोड़ा एक लाख रुपये व्यय करती है, जिसमें 60 हजार रुपये विवाह के बाद कन्या के खाते में भेजे जाते हैं। वहीं लगभग 25 हजार रुपये के 26 प्रकार के घरेलू सामान दिए जाते हैं, जिनमें पांच साड़ी सेट, प्रेशर कुकर, आठ किलो स्टेनलेस स्टील डिनर सेट, सीलिंग फैन, प्रेस, दो गद्दे, डबल बेड की चादर, 40 ग्राम चांदी की पायल, 10 ग्राम बिछिया आदि शामिल हैं। शेष 15 हजार रुपये आयोजन पर खर्च किए जाते हैं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा, विजय कुमार विश्वकर्मा (ब्लॉक प्रमुख मोहम्मदपुर), तीजा राम (सदस्य उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग) तथा चन्दू सरोज (क्षेत्रीय अध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा गोरखपुर परिक्षेत्र) मौजूद रहे।
इसके अलावा जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चचौधरी, खण्ड विकास अधिकारी मोहम्मदपुर मनोज कुमार श्रीवास्तव, सुनील राय, चन्द्रजीत मौर्य, सुधांशु मिश्र सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
