आज़मगढ़। जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां कार की टक्कर से बाइक सवार घायल वृद्ध की इलाज के दौरान  मौत हो गई। हादसा बिलरियागंज क्षेत्र में हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार मुबारकपुर थाना क्षेत्र के दाउदपुर गांव निवासी 64 वर्षीय महातम दुबे मंगलवार की शाम करीब 4 बजे बाइक से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वे बिलरियागंज क्षेत्र स्थित अंडाखोर पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में महातम दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें बिलरियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर कर दिया गया।


जिला अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार रात करीब 8 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक स्वर्गीय धूप नारायण दुबे के पुत्र थे और अपने पीछे चार पुत्र व एक पुत्री छोड़ गए हैं।
थानाध्यक्ष बिलरियागंज सुनील कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि हादसे में शामिल वाहन की तलाश की जा रही है।