रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के नेवादा गांव में दुकान में सेंध लगाकर चोरी करने वाले दो वांछित अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से चोरी किया गया सामान और ₹6,450 नगद बरामद किया गया है। दोनों को गोपालापुर पुलिया के पास से तड़के गिरफ्तार किया गया।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नेवादा निवासी रिंकू यादव पुत्र चन्द्रधारी यादव ने शुक्रवार को थाना कप्तानगंज में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान में सेंध काटकर ₹18,500 नगद, करीब 22 लीटर सरसों का तेल समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।
जांच के दौरान चन्द्रशेखर पुत्र शिवनाथ निवासी ग्राम चौबेपुर परसमनपुर एवं सुनील पुत्र सूर्यभान निवासी ग्राम नेवादा का नाम सामने आया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई।
इसके बाद शनिवार को उपनिरीक्षक अमन तिवारी पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर गोपलापुर पुलिया के पास पहुंचे, जहां तड़के दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का तेल, सर्फ, शैम्पू और ₹6,450 नगद बरामद किया है।
