आजमगढ़ । जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में जिला बदर किए गए अपराधी द्वारा आदेश का उल्लंघन करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) आजमगढ़ द्वारा छह माह के लिए जिला बदर किए गए अपराधी ओमप्रकाश निषाद पुत्र रामपूजन निषाद, निवासी ग्राम वैशपुर थाना अतरौलिया जनपद आजमगढ़, जिला बदर अवधि के दौरान अपने गांव में रह रहा था।
मंगलवार को उपनिरीक्षक जफर अयूब को इस संबंध में सूचना मिली, जिस पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए चालान माननीय न्यायालय किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ओमप्रकाश निषाद का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ थाना अतरौलिया में वर्ष 2023 के दौरान मारपीट, धमकी, बलवा, सरकारी कार्य में बाधा, घर में घुसपैठ सहित गंभीर धाराओं में कुल चार मुकदमे दर्ज हैं।
