रिपोर्ट:अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के  फूलपुर थाना क्षेत्र में मंदिर के दानपात्र और साइकिल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की साइकिल और नगदी भी बरामद की है।
बीते 4 फरवरी को शंकर जी तिराहे के पास स्थित मंदिर से अज्ञात व्यक्ति द्वारा दानपात्र में रखी धनराशि चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में संतोष जायसवाल की तहरीर पर थाना फूलपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वहीं 6 फरवरी को कस्बा फूलपुर से एक साइकिल चोरी की घटना सामने आई, जिसमें मुसयी की तहरीर पर रवि यादव पुत्र राममूरत के खिलाफ केस दर्ज हुआ।
उप निरीक्षक दिनेश कुमार त्रिपाठी ने टीम के साथ कार्रवाई करते हुए रवि यादव को जौमा हरिजन बस्ती स्थित बीएसएनएल तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की साइकिल और 2750 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी का चालान कर उसे न्यायालय भेज दिया है।