रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के निजामाबाद पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। मोबाइल टावरों से इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की संगठित चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबोच लिया।


चार दिसम्बर  को थाना गंभीरपुर में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि अभियुक्तगण गिरोह बनाकर अपने और गैंग के सदस्यों के लिए भौतिक व आर्थिक लाभ अर्जित करने हेतु मोबाइल टावरों से संबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की चोरी जैसे संगठित अपराध कर रहे थे। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी के आदेश पर थानाध्यक्ष निजामाबाद हीरेन्द्र प्रताप सिंह को सौंपी गई थी।
मंगलवार को थानाध्यक्ष मय हमराह क्षेत्र भ्रमण पर थे। फरिहा चौक पर मौजूद पुलिस टीम को मुखबिर खास से सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट से संबंधित वांछित अभियुक्त महेश गौड़ जनपद मऊ से आजमगढ़ आने वाला है। सूचना पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने नरौली चौराहा टैम्पो स्टैंड से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम महेश गौड़ पुत्र नगदू गौड़ निवासी ग्राम बभनपुरा, थाना रानीपुर, जनपद मऊ बताया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त पर विभिन्न थानों में चोरी व अन्य आपराधिक मामलों के कुल 9 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें बीएनएस और भा0द0वि0 की गंभीर धाराएं शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की भी तलाश जारी है।