आज़मगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के रेड़हा में मंगलवार की रात मारपीट की घटना के दौरान बैंक मित्र दंपती के साथ नकदी गायब होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने बैग में रखे 2 लाख 25 हजार रुपये लेकर भागने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस इसे केवल मारपीट की घटना बता रही है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रदीप चौहान और उनकी पत्नी रेखा चौहान ने अहरौला थाने में तहरीर देकर बताया कि मंगलवार रात करीब नौ बजे प्रदीप सेंटर से घर लौट रहे थे। उसी दौरान रेहड़ा में कुछ लोगों के बीच मारपीट हो रही थी। पहचान के लोगों को झगड़ते देख वह बीचबचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोग उनका पैसों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार रेखा चौहान यूबीआई बैंक के लिए चांदनी चौक पर बैंक मित्र के रूप में कार्यरत हैं। मंगलवार को बैंक से 4.5 लाख रुपये कैश निकाला गया था। ग्राहकों को भुगतान करने के बाद लगभग 2.25 लाख रुपये शेष थे, जिसे लेकर वे घर जा रहे थे।
बुधवार को पीड़ित ने चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।

वहीं थानाध्यक्ष अमित मिश्रा ने बताया कि मामला मारपीट से जुड़ा है और रुपये लेकर भागने का आरोप निराधार है।