आजमगढ़ । जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। एक हादसा मेहनाजपुर क्षेत्र में नहर में बाइक गिरने से हुआ, जबकि दूसरा हादसा निजामाबाद-फरिहा मार्ग पर कार और बाइक की टक्कर से हुआ। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मेहनाजपुर कस्बा स्थित नहर में शुक्रवार की भोर में बारात से लौट रहे दो युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 19 वर्षीय मयंक सिंह पुत्र स्व. यशवंत सिंह निवासी बुढ़ानपुर, थाना भुड़कुड़ा, जनपद गाजीपुर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका मित्र 28 वर्षीय रोहित सिंह घायल हो गया। दोनों गुरुवार की रात बारात में शामिल होने आए थे और विदाई के बाद लौटते समय यह हादसा हुआ। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने दोनों को सुपर फैसिलिटी अस्पताल चक्रपानपुर पहुंचाया, जहां मयंक ने दम तोड़ दिया। वह बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था और परिवार में सबसे बड़ा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं दूसरी घटना में देर रात निजामाबाद की ओर से तेज रफ्तार कार फरिहा चौक की तरफ जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चौक पर आजमगढ़ की ओर से आए बाइक सवारों से कार की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मिठाई की दुकान में जा घुसी। हादसे में सरायमीर निवासी 21 वर्षीय विजय गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी डायलिसिस चल रही थी और वह इलाज कराकर लौट रहा था। पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और कार को थाने ले गई। थानाध्यक्ष हीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
