आजमगढ़। बिजनेस लोन दिलाने के नाम पर हुई साइबर ठगी के मामले में थाना रौनापार की पुलिस व साइबर टीम ने पीड़ित के ₹18,582/- रुपये वापस कराए।
पीड़ित राजेन्द्र यादव, पुत्र सुबेदार यादव, निवासी ग्राम बनियापार, थाना रौनापार, जनपद आजमगढ़ ने बताया कि उन्हें बिजनेस लोन दिलाने के नाम पर साइबर अपराधियों ने ₹18,800/- प्रोसेसिंग फीस के रूप में उनके खाते से धोखाधड़ी से निकाल लिए थे। ठगी का पता चलते ही उन्होंने तुरंत थाना रौनापार में शिकायत दर्ज कराई और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी सूचित किया।
पुलिस व साइबर टीम की त्वरित कार्रवाई के बाद, फ्रॉडस्टर के आईडीबीआई बैंक खाते में राशि होल्ड कर दी गई। विधिक कार्यवाही पूर्ण होने के बाद 13.02.2026 को ₹18,582/- आवेदक के खाते में लौटाए गए।
पुलिस टीम ने आमजन से अपील की है कि किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि त्वरित कार्रवाई से धनराशि वापस मिलने की संभावना बढ़ सके।
