रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़।  जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र में बच्चों को घर छोड़ने जा रही एक स्कूली वैन में अचानक शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। ड्राइवर की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया और सभी बच्चे सुरक्षित बचा लिए गए। इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

मिली जानकारी के अनुसार वैन में तकनीकी खराबी के चलते शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे वाहन से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
वाहन चालक मोहम्मद फैसल ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोकी और उसमें सवार करीब आधा दर्जन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

आसपास मौजूद लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन जब तक टीम पहुंचती, वैन पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि यह वाहन मदरसा उस्मानिया का था।