आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने हरिऔध कला केन्द्र में आयोजित मेगा क्रेडिट कैम्प का फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर युवाओं को ऋण उपलब्ध कराने और स्वरोजगार बढ़ाने पर जोर दिया गया।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक युवाओं से आवेदन करवाना और उन्हें ऋण उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों और बैंकों को निर्देश दिया कि पात्र आवेदकों का आवेदन बिना कारण निरस्त न किया जाए और आवश्यक दस्तावेज लेकर तुरंत ऋण स्वीकृति सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने आईटीआई, पॉलिटेक्निक और डिग्री कॉलेज पास आउट छात्रों तथा स्टार्टअप करने वाले युवाओं को प्राथमिकता देने के लिए कहा। साथ ही सीएम युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और ओडीओपी योजनाओं में शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर जोर दिया।
उन्होंने बैंकों को सुझाव दिया कि लोन राशि में 10-15 प्रतिशत सब्सिडी पहले ही शामिल कर गरीब उद्यमियों को शुरुआती पूंजी की कमी न होने दें। खराब प्रदर्शन करने वाली शाखाओं पर कड़ाई और अच्छा प्रदर्शन करने वाले बैंक मैनेजरों को सम्मानित करने की योजना भी बताई।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद का सीडी रेशियो 38 प्रतिशत है, जबकि उत्तर प्रदेश का औसत लगभग 60 प्रतिशत है। उन्होंने इसे बढ़ाकर कम से कम 40 प्रतिशत करने पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर 20 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र और चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम में उपायुक्त उद्योग आशुतोष श्रीवास्तव, एलडीएम, क्षेत्रीय प्रबंधक उ.प्र. ग्रामीण बैंक आजमगढ़, क्षेत्रीय प्रबंधक एसबीआई, डीडीएम नाबार्ड सहित अन्य बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।