रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़ । जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को देवरानी-जेठानी के बीच हुए घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस मामले में मां-बेटी द्वारा परिवार के अन्य सदस्यों पर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप है। पुलिस ने दो अभियुक्ताओं (मां-बेटी) को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, डंडा आदि भी बरामद किए गए हैं।

थाना मुबारकपुर जनपद आजमगढ़ के मोहल्ला अलीनगर निवासी सुमन देवी पत्नी सत्यनरायन गोंड ने शनिवार को थाने में तहरीर दी। आरोप है कि उसी दिन शाम करीब छह बजे वह अपने घर के बाहर अपनी सास से बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान उनकी देवरानी रूना पत्नी विनोद गोड़ ने जमीन पर लोन लेने की बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर रूना देवी ने अपनी बेटी मुस्कान उर्फ रोली तथा एक बाल अपचारी के साथ मिलकर एक राय होकर हमला कर दिया। आरोप है कि सुमन देवी, उनके पति सत्यनरायन गोंड और उनके पुत्र सर्वजीत व अर्पित पर लाठी-डंडा, लोहे की पाइप और कुल्हाड़ी से सिर व शरीर पर प्रहार किया गया, जिससे सभी को गंभीर चोटें आईं। हमले के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस मामले में थाना मुबारकपुर पर सुसंगत धाराओं में  मुकदमा दर्ज किया गया है।

रविवार को मुखबिर की सूचना पर अलीनगर स्थित आरोपियों के घर पुलिस ने दबिश दी। जहां से अभियुक्ता रूना देवी पत्नी विनोद गोड़ और उनकी बेटी मुस्कान उर्फ रोली को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक बाल अपचारी को मौके से पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। अभियुक्ताओं की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, लोहे की पाइप और लकड़ी का डंडा बरामद कर पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।