आजमगढ़ जिले में बुधवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए तीन दर्दनाक हादसों में महिला, आठ माह के मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। कंधरापुर क्षेत्र में बाइक-कार टक्कर, सिधारी में पोल से भिड़ी बाइक और रानी की सराय में पोखरी में डूबने की घटनाओं से जिले में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आजमपुर चकिया मोड़ के पास बुधवार सुबह बाइक और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के श्रीनगर सियरहां गांव निवासी संदीप राम (20) पुत्र मखंचू राम अपनी बहन मनीषा (22) और 8 माह के मासूम श्रेयांश को बाइक से किसी कार्य से आजमगढ़ लेकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही अल्ट्रोज कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान मनीषा और मासूम श्रेयांश की मौत हो गई, जबकि संदीप की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार को कब्जे में ले लिया है और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं सिधारी थाना क्षेत्र के चंडेश्वर के पास बुधवार दोपहर अनियंत्रित बाइक विद्युत पोल से टकरा गई। हादसे में जहानागंज थाना क्षेत्र के करनपुर गांव निवासी अमित कुमार (30) की मौत हो गई। वह अपने 18 वर्षीय साथी प्रभात के साथ होली का सामान लेने सिधारी आए थे। लौटते समय बाइक अमित चला रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इसके अलावा रानी की सराय क्षेत्र के सोनवारा गांव में पोखरी में नहाने के दौरान 15 वर्षीय रमन की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पोखरी में अन्य लोग भी स्नान कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
