रिपोर्ट: आशीष निषाद

आजमगढ़।  जिले के अहरौला थाना के फुलवरिया पारा गांव में बुधवार की रात एक प्रेमी युगल ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इस घटना में प्रेमिका की मौत हो गई, जबकि प्रेमी पुलिस हिरासत में है। वही परिजन हत्या का आरोप लगा रहे है।

बताया जा रहा है कि, फुलवरिया पारा गांव निवासी सरिता  पुत्री सुरेश गोंड, बीए की छात्रा थी। सरिता का गांव के ही युवक दिलीप से प्रेम प्रपंच चल रहा था। कुछ दिन पहले दोनों घर से फरार हो गए थे, लेकिन बाद में घर लौट आए।
बताया जा रहा है कि होली की रात बुधवार को दिलीप ने सरिता को फोन कर बुलाया। दोनों गांव के सिवान क्षेत्र में मिलकर जहरीला पदार्थ खा गए। इसके बाद दिलीप ने अपने मित्र को बुलाया, जिसने सरिता को उसके घर के पास रास्ते पर छोड़ दिया। गुरुवार की भोर में गांव के लोग रास्ते पर अचेत पड़ी सरिता को देखकर अस्पताल ले गए, लेकिन कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।


प्रेमी दिलीप की हालत ठीक है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सरिता के पिता की तहरीर पर पहले ही रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है और दोनों के घर से फरार होने के कारणों को भी खंगाल रही है।

परिजनों का आरोप है कि पूर्व में दर्ज मुकदमे की रंजिश के चलते लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाया गया और उसकी हत्या कर दी गई।

थानाध्यक्ष अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि युवती के पिता ने कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, फोरेंसिक टीम साक्ष्य संकलित कर रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।