रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़।  होली के दिन हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक लाइसेंसी राइफल भी बरामद की है। मामला शहर कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां गाली-गलौज के विवाद के बाद जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी।

शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के हीरापट्टी इलाके में होली के दिन करीब तीन बजे पीड़ित अपने एक मित्र के साथ घर के सामने खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। उसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान एक आरोपी ने गनर की लाइसेंसी राइफल लेकर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद सभी आरोपी धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियो की तलाश में जुट गई। 
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर  चार मार्च की देर  ब्रह्मस्थान से हीरापट्टी जाने वाले मार्ग स्थित डीह बाबा के पास से अजय कुमार राव पुत्र बाबूराम निवासी हीरापट्टी को गिरफ्तार किया। इसके बाद 5 मार्च की सुबह प्राइवेट बस स्टैंड के पास से अन्य चार आरोपी रिशु यादव पुत्र रामाश्रय यादव,  आजाद अहमद उर्फ बिट्टू पुत्र सकिल अहमद , शशिकांत राय पुत्र जयप्रकाश राय निवासी बरसया थाना बरदह और अमित कुमार पुत्र संजय कुमार निवासी हीरापट्टी  को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लाइसेंसी राइफल भी बरामद की है।

वहीं गिरफ्तार आरोपियों में अजय कुमार राव पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, धोखाधड़ी, गैंगेस्टर एक्ट और आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न धाराएं शामिल हैं। शशिकांत राय पर भी पूर्व में छेड़खानी, चोरी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज रहा है। रिशु यादव पर आबकारी अधिनियम सहित एक अन्य मुकदमा दर्ज है, जबकि आजाद अहमद उर्फ बिट्टू और अमित कुमार का नाम भी इसी प्रकरण में सामने आया है।