आज़मगढ़। जिले में रंगों का पर्व होली छिटपुट घटनाओं को छोड़ पूरे उत्साह और मस्ती के बीच मनाया गया। सुबह से ही युवाओं की टोलियां सड़कों पर निकल पड़ीं और शहर के कई इलाकों में रंग, गुलाल और होली के हुड़दंग का माहौल देखने को मिला। दिन भर रंगों की मस्ती के बाद शाम को लोग एक-दूसरे के घर पहुंचकर अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई देते रहे।

वैसे तो इस बार होलिका दहन दो दिन होने के कारण होली का रंग एक दिन बाद चढ़ा।  बुधवार की सुबह होते ही युवाओं की टोलियां सड़कों पर निकल पड़ीं और रंग-गुलाल के साथ होली का जश्न मनाने लगीं। नगर के मुकेरीगंज, पांडेय बाजार, ब्रह्मस्थान, पुरानी कोतवाली, कटरा, चौक, दलाल घाट, मातबरगंज, पुरानी एलवल, सिधारी, बेलइसा, हरवंशपुर और सिविल लाइंस समेत कई चौराहों और तिराहों पर सुबह से ही होली खेलने वालों की भीड़ जुटने लगी।


दोपहर तक लोग रंगों की बरसात में सराबोर रहे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते एक-दूसरे को रंग लगाते रहे। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे के बाद कई स्थानों पर कपड़ा फाड़ होली का दौर भी शुरू हो गया। पुरानी कोतवाली, कालीनगंज रोड, मुख्य चौक और शंकर जी तिराहा पर युवाओं ने जमकर कपड़ा फाड़ होली खेली। इस दौरान कई युवक अधनंगे हालत में ही नाचते-गाते और झूमते हुए अपने घरों की ओर लौटते दिखाई दिए। यही हाल कमोवेश ग्रामीण इलाकों में भी देखा गया।


शाम होते-होते रंगों की होली का दौर थम गया और लोग एक-दूसरे के घर जाकर अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई देने लगे। हालांकि होली की खुमारी में कुछ जगहों पर हुड़दंगियों के बीच मारपीट की घटनाएं भी सामने आईं। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस की गाड़ियां लगातार सायरन बजाते हुए शहर में गश्त करती रहीं।