आज़मगढ़। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार 21 किलोमीटर लंबे अहरौला–कप्तानगंज मार्ग के निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई। सड़क निर्माण शुरू होने की खबर मिलते ही क्षेत्र के लोग मौके पर पहुंच गए और कार्य की शुरुआत को देखने के लिए उत्सुक नजर आए।
मिली जानकारी के अनुसार अहरौला–कप्तानगंज मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में था, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब इस मार्ग के निर्माण कार्य की शुरुआत होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण राजभर ने बताया कि यह सड़क कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के प्रयासों और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंजूरी से बन रही है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के निर्माण से उन लोगों के हौसले पस्त हो गए हैं, जो इसे मुद्दा बनाकर निर्माण कार्य को रुकवाने की कोशिश कर रहे थे।
लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता शैलेश कुमार यादव ने बताया कि सड़क के किनारे-किनारे खुदाई का काम शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही बिजली विभाग और वन विभाग द्वारा मार्ग में आने वाले खंभों और पेड़ों को हटाने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी, ताकि निर्माण कार्य तेजी से पूरा हो सके।
इस मौके पर अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश गौड़, जिलाध्यक्ष अशोक गौड़, उपाध्यक्ष दीपक यादव, रमाशंकर राजभर, संतराम फौजी और गजराज राजभर सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
