आजमगढ़। मशहूर बॉलीवुड फिल्म शोले में बसंती से शादी करने की जिद में वीरू पानी की टंकी पर चढ़ गया था, लेकिन आजमगढ़ में इसका उल्टा नजारा देखने को मिला। यहां प्रेम में पागल एक किशोरी अपने प्रेमी से शादी की जिद में हाईवोल्टेज बिजली के खम्भे पर चढ़ गई। इस अजीबोगरीब घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। काफी देर तक लोग सांस थामे रहे कि कहीं कोई बड़ी दुर्घटना न हो जाए।
मामला दीदारगंज थाना क्षेत्र के बैरकडीह गांव की उत्तर सीवान का है। एक बजे एक गांव की अनुसूचित बस्ती की एक किशोरी अचानक हाईवोल्टेज विद्युत खम्भे पर चढ़ गई। बताया जा रहा है कि वह अपने प्रेमी से विवाह करने की जिद पर अड़ी हुई थी। खेतों में काम कर रहे लोगों की नजर जब उस पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया। देखते ही देखते आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए और भारी भीड़ लग गई।
ग्रामीणों ने काफी देर तक किशोरी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही और बार-बार यही कहती रही कि वह अपने प्रेमी से ही शादी करेगी। हाईवोल्टेज खम्भे पर चढ़ने से लोगों में किसी अनहोनी की आशंका बनी रही, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने भी काफी देर तक किशोरी को समझाने की कोशिश की। अंततः पुलिस ने उसे भरोसा दिलाया कि उसकी बात सुनी जाएगी और उसके प्रेमी से विवाह के मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के इस आश्वासन के बाद किशोरी कई घंटों बाद खम्भे से नीचे उतर आई, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। घटना पूरे दिन इलाके में चर्चा का विषय बनी रही।
