रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले  के अतरौलिया थाना क्षेत्र में छितौनी मोड़ के पास सोमवार देर रात उस समय दहशत फैल गई, जब अज्ञात बदमाशों ने एक स्विफ्ट डिजायर कार पर फायरिंग कर दी। हालांकि कार में सवार लोग बाल-बाल बच गए और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

मिली जानकारी के अनुसार थाना अतरौलिया क्षेत्र के छितौनी मोड़ के पास सोमवार देर रात एक स्विफ्ट डिजायर कार से कुछ लोग गुजर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद अज्ञात बदमाशों ने कार को निशाना बनाते हुए अचानक फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हमले के दौरान कार में सवार लोग किसी तरह बच निकले और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही अतरौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मौके पर जांच के दौरान स्विफ्ट डिजायर कार पर गोली लगने के निशान भी पाए गए। पुलिस ने वाहन सवार की तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।


एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि छितौनी मोड़ के पास फायरिंग की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच की गई, जहां स्विफ्ट डिजायर कार पर गोली लगने की पुष्टि हुई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।