आजमगढ़। जिले  के  सरायमीर थाना के बस्ती नगर के पास मंगलवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार फत्तनपुर निवासी सुरेंद्र अपने साथियों अरविंद और करन के साथ बाइक से घर जा रहा था। इसी दौरान बस्ती नगर के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर सैफ और करीम निवासी सैदपुर थाना फूलपुर सवार थे।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल सुरेंद्र का इलाज जिला अस्पताल के पास स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।


सीओ किरनपाल सिंह ने बताया कि इस सड़क हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल के पास एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।