आजमगढ़। जिम से लौट रहे युवक पर लाठी-डंडे और पंच से जानलेवा हमला करने के मामले में बरदह थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक पंच और एक डंडा भी बरामद किया है।

बरदह थाना क्षेत्र के देवापुर गांव निवासी नन्हकी बिंद ने 11 मार्च को पुलिस को सूचना दी कि उनका पुत्र गोविंद (29) रोज की तरह मार्टीनगंज स्थित जिम गया था। जिम से वापस लौटते समय महुजा पुरानी चीनी मिल के पास 4-5 युवकों ने उस पर लाठी-डंडे और पंच से हमला कर दिया। हमले में गोविंद के सिर में गंभीर चोट लगी और वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
परिजनों द्वारा घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मार्टीनगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जौनपुर रेफर कर दिया।

घायल गोविंद के बयान के आधार पर पुलिस ने इंद्रेश राजभर, विकास राजभर और अभिषेक राजभर निवासी बनगांव मार्टीनगंज को नामजद किया। बरदह थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर फतुही तिराहे के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पंच और एक डंडा बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।